-निगम द्वारा 32 और लोक निर्माण विभाग द्वारा शहर की 12 सड़कों पर किया गया सुधार कार्य
-मुरार की तर्ज पर हजीरा एवं कम्पू में भी हॉकर्स जोन को किया जायेगा व्यवस्थित
ग्वालियर।शहर की सड़कों को व्यवस्थित करने के लिए तेजी के साथ कार्य किया जा रहा है। सड़कों के साथ-साथ चौराहों का विकास कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का कार्य नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के माध्यम से किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा शहर की 32 सड़कों को गड्डाविहीन बनाया गया है। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा भी शहर की 12 सड़कों पर पेंच रिपेयरिंग का कार्य कर यातायात के लिए सुगम बनाने का कार्य किया गया है। शहर विकास की परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य प्रारंभ हुआ है।
कलेक्टर अनुराग चौधरी की अध्यक्षता में शहर विकास की बैठक गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में शहर विकास के अनेक मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन, एडीएम किशोर कान्याल, अपर कलेक्टर अनूप कुमार सिंह, सीईओ स्मार्ट सिटी महिप तेजस्वी सहित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग के साथ ही अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने बैठक में कहा कि नगर निगम और लोक निर्माण विभाग शहर की सड़कों को व्यवस्थित करने का कार्य तेजी के साथ करें। इसके साथ ही यातायात को सुगम बनाने के लिए सड़कों पर मार्किंग का कार्य भी किया जाए। शहर की लाईटिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाए। कलेक्टर श्री चौधरी ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए मुरार क्षेत्र में सड़कों पर लगने वाले ठेलों को हॉकर्स जोन में व्यवस्थित रूप से शिफ्ट करने का जो कार्य किया गया है, उसी तर्ज पर इंटक मैदान हजीरा और कम्पू हॉकर्स जोन को भी व्यवस्थित कर ठेलों को शिफ्ट करने की कार्रवाई तत्परता से की जाए।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने बैठक में यह भी कहा कि ग्वालियर की तीनों विधानसभा क्षेत्र में एक-एक शासकीय विद्यालयों को आदर्श विद्यालय बनाने की दिशा में भी तेजी के साथ कार्य किया जाए। इन आदर्श विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लासों के साथ-साथ सभी व्यवस्थायें स्मार्ट हों, इस पर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा के उपरांत मुरार, ग्वालियर तथा दक्षिण क्षेत्र में शासकीय विद्यालयों का चयन कर उसे आदर्श स्कूल बनाने की दिशा में तत्परता से कार्रवाई प्रारंभ की जाए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन ने बताया कि शहर के 12 मार्गों को उत्कृष्ट मार्ग के रूप में विकसित करने का कार्य भी निगम द्वारा किया जा रहा है। इन सड़कों को गढ्ढाविहीन, लीकेजविहीन, ठेलाविहीन बनाने के साथ ही बेहतर लाईट व्यवस्था की जायेगी। निगम द्वारा इस दिशा में तेजी से कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।